बस्ती। सदर ब्लॉक के परसा जागीर पंचायत में निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों में लापरवाही सामने आई। प्रभारी डीपीआरओ आनंद कुमार गुप्ता को अंत्येष्टि स्थल अधूरा मिला, जबकि डिजिटल लाइब्रेरी में पुस्तकों और फर्नीचर का स्टॉक रजिस्टर नहीं पाया गया। सामुदायिक शौचालय के वाश बेसिन पर हाथ धोने के लिए साबुन या हैंडवाश भी उपलब्ध नहीं था। प्रभारी डीपीआरओ ने पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
अंत्येष्टि स्थल पर शौचालय, यूरिनल और स्नानघर का निर्माण अधूरा मिला। शांति स्थल और शवदाह स्थल पर वाल राइटिंग भी नहीं कराई गई थी। परिसर में साफ-सफाई का अभाव मिला। कार्यालय और स्टोर रूम में फाटक नहीं था, जबकि परिसर में कई जगह इंटरलाकिंग धंसी हुई मिली। सामुदायिक शौचालय खुला मिला, लेकिन वाश बेसिन पर हाथ धोने के लिए साबुन या हैंडवाश की व्यवस्था नहीं थी। डिजिटल लाइब्रेरी के निरीक्षण में पुस्तकों और फर्नीचर का स्टॉक रजिस्टर मांगे जाने पर सचिव ने बताया कि रजिस्टर बनाया ही नहीं गया है। मौके पर फाल्स सीलिंग का काम होता मिला। प्रभारी डीपीआरओ ने बताया कि संबंधित पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है।