किराना दुकान पर खाद्य सामग्री संवाद
बस्ती। जिले में पिछले पांच महीने में चीनी, दाल, चावल और खाद्य तेलों सहित कई रोजमर्रा की किराना वस्तुओं के दामों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। चावल 20 रुपये और सरसों तेल 25 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो गया है जिसका कारण थोक कीमतों में वृद्धि, परिवहन लागत बताई जा रही है।
फुटकर बाजार में मार्च की तुलना में अगस्त में चीनी, दालें, चावल, आटा, नमक और खाद्य तेलों के दाम बढ़ने से आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित हुआ है। सबसे अधिक बढ़ोतरी चावल के दाम में दर्ज की गई है, जो 50 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो हो गया है। चीनी 42 रुपये से बढ़कर 52 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। वहीं, अरहर दाल 110 से 120 रुपये, चने की दाल 75 से 85 रुपये, मसूर दाल 72 से 80 रुपये और उड़द दाल 110 से 125 रुपये प्रति किलो हो गई है। खुला आटा 30 रुपये से बढ़कर 35 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। मैदा 28 रुपये से 30 रुपये किलो हो गया है।
इसी तरह नमक 28 रुपये से बढ़कर 32 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। खाद्य तेलों की कीमतों में भी तेजी बनी हुई है। सरसों का तेल 160 रुपये से बढ़कर 185 रुपये प्रति लीटर और रिफाइंड 120 रुपये से बढ़कर 145 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। गांधीनगर बाजार के किराना दुकानदार राधेश्याम ने बताया कि थोक बाजार में कीमतें बढ़ने, परिवहन लागत और मांग बढ़ने का असर खुदरा बाजार पर भी पड़ा है।