नगर थाने के फुटहिया के निकट फोरलेन पर शादी से लौट रही कार स्कूल बस से टकरा गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन सहित परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी नगर बाटा गली के शमशाद की 28 अप्रैल को शादी थी। बारात लखनऊ के राजाजीपुरम मोहल्ले में गई थी। शनिवार सुबह लखनऊ से बारात बस्ती वापस आ रही थी। सबसे पीछे दूल्हे की कार थी। कार में दूल्हा शमशाद (25 वर्ष) दुल्हन गजाला (22 वर्ष), दूल्हे की मां अमरजहां (50 वर्ष), बहन गुड़िया (29 वर्ष) और बहनोई फकरुद्दीन सवार थे। कार को बहनोई फकरुद्दीन ही चला रहे थे। शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे जैसे ही फुटहिया के करमा देवी महा विद्यालय के पास कार स्कूल बस से टकरा गई। दूल्हा-दुल्हन समेत कार में बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल बस लेकर चालक भाग निकला जबकि आसपास वालों ने पुलिस और एंबुलेंस पर सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दूल्हे के घर दुल्हन के आने का इंतजार कर रहे परिवार के अन्य लोगों को जब हादसे की सूचना मिली तो सभी जिला अस्पताल पहुंचे जहां घायलों का इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक रमेश ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
जल्दी के चक्कर में हुआ हादसा
नगर थाने के फुटहिया के पास सड़क हादसा जल्दबाजी के चलते हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक ने बच्चों को जल्दी स्कूल पहुंचाने के चक्कर में अचानक बस मोड़ दी। इसके चलते कार बस से जा टकरा गई और हादसा हो गया।