मालवीय रोड पर निजी अस्पताल के पास बीच बचाव करते राहगीर
बस्ती। शहर के मालवीय मार्ग स्थित बैरियहवां मोहल्ले के पास सोमवार को एक निजी नर्सिंग होम के सामने वाहन की टक्कर को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। दो दौर में हुई मारपीट के दौरान लात-घूंसे चले। इस दौरान नर्सिंग होम के बाहर खड़ी चिकित्सक की कार भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। घटना से सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
जानकारी के अनुसार, नर्सिंग होम के चिकित्सक सोमवार को कार से लौटे थे। नर्सिंग होम के बाहर कार खड़ी कर वह अंदर चले गए। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और आरोप लगाया कि कार से रास्ते में उसके भाई की मोटरसाइकिल में टक्कर लगी है। युवक ने आक्रोश में कार का शीशा तोड़ना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर नर्सिंग होम का स्टाफ बाहर आ गया। स्टाफ ने युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि युवक स्टाफ से भी मारपीट पर आमादा हो गया। इसके बाद स्टाफ के लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट देखकर राहगीर जुट गए और बीच-बचाव कर युवक को वहां से हटाया।
कुछ देर बाद कुछ अन्य लोग नर्सिंग होम के बाहर पहुंच गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और स्टाफ से दोबारा मारपीट हुई। इस दौरान भी मौके पर काफी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
कोतवाल बृजानंद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। वहां पहुंचकर स्थिति नियंत्रित कर ली गई। अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।