मईपुर के पास चल रहा राहत बचाव कार्य
बस्ती। सरयू नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है लेकिन इसके साथ कटान तेज हो गई है। कृषि योग्य भूमि के बाद अब नदी की धारा मईपुर और महुआ कला गांवों के करीब पहुंच गई है।
आबादी की ओर बढ़ती नदी की धारा से ग्रामीणों में अपने आशियाने को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं, बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रामक बीमारियों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को लेकर भी ग्रामीण परेशान हैं। सदर तहसील क्षेत्र के कलवारी-रामपुर तटबंध के दक्षिणी हिस्से में बसे बैडारी एहतमाली, टेंगरिहा राजा समेत कई गांवों में सरयू कटान कर रही है। कई स्थानों पर नदी आबादी के बेहद करीब पहुंच गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, कटान की चपेट में आने से धान और गन्ने की खड़ी फसल बर्बाद हो गई है। जलस्तर घटने के साथ नदी की धारा तेज होने से बची हुई जमीन पर भी खतरा मंडरा रहा है। केंद्रीय जल आयोग, अयोध्या कार्यालय के अनुसार सोमवार शाम पांच बजे सरयू का जलस्तर 91.85 मीटर दर्ज किया गया। नदी खतरे के निशान से 88 सेंटीमीटर नीचे थी।
बाढ़ खंड के एसडीओ बृजेश सोनी ने बताया कि जलस्तर कम होने से तटबंधों पर दबाव घट रहा है। संवेदनशील स्थानों पर विभागीय टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।