घर के पास युवक पर फायर, बांह में लगी गोली
मंगलवार देर शाम शहर के ओरीजोत मोहल्ले की घटना
चौराहे से घर जाते समय हुई घटना, बाइक से पहुंचे थे हमलावर
जमीन विवाद से जोड़कर देखी जा रही घटना, पुलिस छानबीन में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के गांधीनगर स्थित ओरीजोत मोहल्ले के पास मंगलवार देर शाम करीब सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने 30 वर्षीय युवक पर फायर झोंक दिया। गोली युवक के दाहिने हाथ में लगी। बगल के मकान में भागकर उसने जान बचाई। आसपास के लोगों और परिवारी जनों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल के कपड़ों में फंसी गोली बरामद कर ली है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना को भूमि विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
ओरीजोत निवासी घायल दिवाकर सोनकर पुत्र रामप्रसाद सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह कुछ सामान खरीद कर चौराहे से घर की तरफ जा रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से मुंह पर मफलर बांधे बाइक सवार दो लोगों ने उस पर फायर झोंक दिया। अस्पताल में उसने बताया कि कुछ दिनों से जमीन को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। उन्हीं लोगों ने उस पर हमला करवाया है। कोतवाल राधेश्याम राय ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उससे हमलावरों के बारे में पूछताछ की गई तो वह ठीक से उनके बारे में कुछ बता नहीं पाया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।