छावनी के पास ट्रेलर में लगी आग।
- फोटो : BASTI
पुलिया से टकराकर ट्रेलर में लगी आग
- छावनी कस्बे के निकट बस के साइड मारने से हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (छावनी)। हाईवे के छावनी कस्बे के निकट देर रात यात्री बस ने ट्रेलर को साइड मार दिया। जिससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया। टक्कर होने पर ट्रेलर में आग लग गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने आग बुझाया।
हरियाणा से टाइल्स लादकर ट्रेलर बिहार के बेगूसराय जा रहा था। रात एक बजे जैसे ही ट्रेलर छावनी कस्बे से आगे रामरेखा पुल के निकट पहुंचा कि पीछे से एक यात्री बस ने ट्रेलर को साइड मार दिया। ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया। शार्ट सर्किट के चलते केबिन में आग लग गई। आग की लपटे देख चालक खतिबुल हसन (22) पुत्र वहीद निवासी बिकनीपुरवा थाना ठठिया जिला कन्नौज ने कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने फायरबिग्रेड के सहयोग से आग को बुझाया। घटना के बाद काफी देर तक हाईवे पर जाम लग गया। आग बुझाने के बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात बहाल कराया। छावनी थाना के एसओ रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया की चालक सुरक्षित है।