फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: चलती रोडवेज बस में लगी आग, चालक की इस सूझबूझ से 20 यात्रियों की बची जान

Wed, 29 Jul 2026 01:14 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती

सार

जानकारी के अनुसार चारबाग डिपो की बस मंगलवार सुबह आलमबाग से गोरखपुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 11 बजे पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रुधौली गांव के पास बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। यात्रियों ने इसकी सूचना चालक पंकज कमल पांडेय और परिचालक विनय त्रिवेदी को दी।
विज्ञापन
बस में आग लगने के बाद टूल बॉक्स की जांच करते कार्यशाला प्रभारी बस्ती डिपो संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ से गोरखपुर जा रही परिवहन निगम की एक रोडवेज बस में मंगलवार सुबह पुरानी बस्ती क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर अचानक आग लग गई। चालक और परिचालक की तत्परता से बस में सवार सभी 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई। घटना के कारण हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार चारबाग डिपो की बस मंगलवार सुबह आलमबाग से गोरखपुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 11 बजे पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रुधौली गांव के पास बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। यात्रियों ने इसकी सूचना चालक पंकज कमल पांडेय और परिचालक विनय त्रिवेदी को दी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तत्काल बस सड़क किनारे रोक दी और दोनों ने मिलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बस के डीजल टैंक के सड़क से रगड़ खाने से आग लगने की आशंका जताई गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वह आग का गोला बन गई। चालक ने बस में मौजूद अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बस के डीजल टैंक में खराबी आने के बाद वह सड़क से रगड़ खा रहा था, जिससे निकली चिंगारी अथवा तकनीकी खराबी के कारण आग लगी।

हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद हाईवे पर दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से जली बस को हटवाया और सड़क साफ कराने के बाद करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य कराया। बस में सवार कुछ यात्रियों का सामान और जरूरी दस्तावेज भी आग में जल गए।

एआरएम ने मौके पर पहुंचकर की जांच
सूचना मिलते ही एआरएम बस्ती कल्पना श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने चालक, परिचालक और यात्रियों से घटना की जानकारी ली तथा बस का निरीक्षण किया। गोरखपुर क्षेत्र के अधिकारियों ने भी मौके का मुआयना किया। एआरएम ने बताया कि सभी यात्री, चालक और परिचालक सुरक्षित हैं। आग लगने के कारणों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चालक-परिचालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना के समय यात्रियों ने पीछे से धुआं उठता देख तुरंत चालक और परिचालक को सूचना दी। चालक ने बिना समय गंवाए बस रोक दी और दोनों ने मिलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने चालक-परिचालक की सूझबूझ और साहस की सराहना की।

मौके पर पहुंची एआरएम, घटना की ली जानकारी
सूचना मिलते ही एआरएम बस्ती कल्पना श्रीवास्तव मय टीम अभिनव श्रीवास्तव, अभिनय सिंह, इंद्रजीत तिवारी, कन्हैया सिंह, कार्यशाला प्रभारी अखिलेश सिंह के साथ घटना स्थल पर पहुंच गईं। उन्होंने आग लगने के कारण समेत स्थानीय लोगों और चालक-परिचालक व यात्रियों से बातचीत करने के बाद बस का मुआयना किया।

बताया कि आग कैसे लगी टेक्निकल टीम से जांच कराई जा रही है। वहीं, सूचना के बाद गोरखपुर क्षेत्र के प्रबंधक लव कुमार सिंह, एसएम मुकेश कुमार के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। टीम ने स्वयं मुआयना किया। बाद में बस को कार्यशाला लाया गया। बताया गया कि जांच के बाद आग लगने की असल वजह सामने आएगी।

चालक-परिचालक बोले
सुबह 6:40 बजे आलमबाग से गोरखपुर के लिए निकले थे। करीब 11 बजे के रुधौली के पास राहगीरों ने पीछे से धुआं उठने की सूचना दी तो तुरंत बस रोककर यात्रियों को उतारा। अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई: पंकज कमल पांडेय, चालक
विज्ञापन

बस रुकते ही सभी दरवाजे खोलकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग नीचे डीजल टैंक के पास लगी थी। तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। उस समय बस में 20 यात्री सवार थे। बस में सवार यात्रियों ने भी धौर्य दिखाया: विनय त्रिवेदी, परिचालक

रोडवेज बस में लगी आग से कोई हताहत नहीं हुई। सभी यात्री व चालक-परिचालक सुरक्षित हैं। बयान दर्ज किया गया है। टेक्निकल टीम जांच कर रिपोर्ट देगी, जिसे आगे प्रेषित कर दिया जाएगा। बस को कार्यालय में मंगवा लिया गया है: कल्पना श्रीवास्तव, एआरएम, बस्ती।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें