छावनी क्षेत्र के कुंआगांव में सिलिंडर से लगने पर पहुंचे लोग। संवाद
महराजगंज/छावनी। छावनी थाना क्षेत्र के कुआं गांव में रविवार सुबह गैस सिलिंडर से लगी आग में दो मकानों की गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। नकदी, सोने-चांदी के जेवर और घरेलू सामान नष्ट हो गया। आग बुझाने का ाप्रयास कर रहा पड़ोस का व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। उसे अयोध्या के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब आठ बजे गांव के भगवानदीन के घर उनकी पत्नी सोनमती खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस खत्म हो गई। दूसरे सिलिंडर को लगाने के लिए उन्होंने पति को बुलाया। भगवानदीन ने रेगुलेटर लगाया तो गैस का रिसाव होने लगा। इसी बीच उन्होंने माचिस की तीली जला दी, जिससे आग भड़क उठी। देखते-ही-देखते आग ने रिहायशी छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया।
परिवार के लोगों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
इसी बीच आग पास के प्रभाती देवी के मकान तक पहुंच गई। दोनों मकानों में रखा गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। सोनमती के घर में रखे 20 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर भी आग की भेंट चढ़ गए। आग बुझाने की कोशिश कर रहे पड़ोसी बुधई गंभीर रूप से झुलस गए।
ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची। अग्निशमन कर्मियों आनंद राव और सुभाष ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के अन्य मकानों को बचा लिया गया।