नगर बाजार। उपभोक्ता फोरम के सामने से दिनदहाड़े हुई हीरो स्प्लेंडर बाइक चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक के सख्त आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बहरामपुर निवासी इन्द्रभान चौधरी पुत्र जयराम ने शिकायत की थी कि 25 अगस्त को वह अपनी मोटरसाइकिल उपभोक्ता फोरम बस्ती के सामने शौचालय के बगल में खड़ी कर अपने अधिवक्ता से मिलने गया था। वापस लौटने पर बाइक, हेलमेट और डिक्की में रखे मुकदमे से संबंधित कागजात गायब मिले। घटना की सूचना पर सिविल लाइन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची थी और सीसीटीवी फुटेज में अज्ञात चोर बाइक ले जाते हुए कैद भी हो गया था, लेकिन कोतवाली में मुकदमा दर्ज नहीं हो रहा था। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक बस्ती को प्रार्थना पत्र दिया था। प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने 15 सितंबर को कोतवाली पुलिस को अभियोग दर्ज करने का आदेश दिया था। एसपी के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।