जिला अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर से बाहर निकलने के बाद अधिवक्ता सर्वेश चंद्र दुबे। संवाद
- फोटो : 1
बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के गरवाह गांव के रहने वाले अधिवक्ता सर्वेश चंद्र दुबे पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस में अधिवक्ता संगठनों की ओर से भी निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई है।
अधिवक्ता की पत्नी प्रीति दुबे ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके गांव के कुछ दबंग गांव के जमीन और चकमार्ग पर कब्जा किए हैं। इसके खिलाफ उनके अधिवक्ता पति न्यायालय में मुकदमे की पैरवी करते हैं। इसी से नाराज होकर विपक्षी उन पर हमला किए हैं।
बताया कि पिछले 16 मार्च को उनके अधिवक्ता पति अपने बाइक से घर आ रहे थे। रास्ते में महुआपार भट्ठे के पास उन्हें रोककर मोटरसाइकिल से खींच लिए। मारते-पीटते उनके पति को घर के अंदर लेते गए। जहां लाठी-डंडे से जमकर पीटा।
इस घटना में उनके पति के पैर में दो जगह फ्रैक्चर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई है। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार को घायल अधिवक्ता का ऑपरेशन भी हुआ है। पत्नी ने आरोप लगाया कि हमलावर ऑपरेशन के दिन ही अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर के बाहर भी पहुंच गए। परिजनों को धमकाते हुए समझौते का दबाव बनाने लगे। इससे पूरा परिवार भयभीत है।
पुलिस ने इस मामले में गरवाह गांव के ही अंबिका, जगदंबिका, हिमांशु, गौरव, राजकुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना के तत्काल बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।