कप्तानगंज(बस्ती)। सड़क हादसे में जवान बेटे की मौत के एक साल बाद भी वारिस प्रमाण पत्र के लिए पिता को दर-दर भटकना पड़ रहा है। पीड़ित पिता ने डीएम को शिकायती पत्र देकर वारिस प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दुधौरा गांव के रहने वाले विनीत मिश्रा गांव के फोरलेन पर ढाबा चलाते थे। 18 मार्च 2024 को बड़ेबन फ्लाई ओवर के निकट वाहन की टक्कर से गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। लखनऊ ले जाते समय विनीत मिश्रा की मौत हो गई। उनके पिता इन्द्रमणि मिश्रा ने बेटे के वारिस प्रमाण पत्र के लिए 2 जुलाई 2024 को हरैया तहसील में आवेदन किया था लेकिन हल्का लेखपाल और तहसील कर्मियों की लापरवाही से अब तक वारिस प्रमाण पत्र नहीं बन पाया। इन्द्रमणि मिश्रा ने बताया कि मामले की शिकायत कई बार तहसील के उच्च अधिकारियों से की गई। हरैया के तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।