बेटे के हमले में घायल पिता की मौत
सोनहा थानाक्षेत्र के जंगल टोला पासीडीह की घटना
दस जुलाई को बडेे़ बेटे ने पोते के साथ किया था हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बंटवारे से नाखुश बेटे और पोते के हमले में घायल सोनहा थानाक्षेत्र के बनरही जंगल टोला पासीडीह में 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। 10 दिन पहले खेत में काम करते समय संपत्ति के आधे हिस्से की बात को लेकर धनई को पीटकर घायल कर दिया था। इलाज के लिए जिला अस्पताल और वहां से लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। हालत सुधरने पर उन्हें घर लाया गया लेकिन बुधवार को अचानक मौत हो गई। थाना प्रभारी रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बनरही निवासी धनई ने एक माह पहले परिवार में बंटवारा किया। जिसमें जमीन व मकान को तीन हिस्से में बांटा गया। एक हिस्सा खुद व पत्नी के लिए रखा और बाकी दो हिस्से दोनो बेटे भरत और परशुराम को दिया। बताया जा रहा है कि इस बंटवारे से बड़ा बेटा संतुष्ट नहीं था। वह चाहता था कि संपत्ति को दो हिस्से में बांटकर दोनों भाइयों को आधा-आधा दिया जाए। पुलिस के मुताबिक 10 जुलाई को धनई खेत में गए थे। इसी दौरान उनका बेटा भरत और पोता संतोष पहुंच गए। कहासुनी के बीच मारपीट हो गई और धनई के सिर में गंभीर चोट आ गई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए थे। छोटे बेटे परशुराम की तहरीर पर सोनहा थाने में भरत और संतोष कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में धारा बढ़ोत्तरी के साथ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।