छुट्टा पशुओं को संरक्षित करने में लापरवाही बरत रहा प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। ब्लॉक क्षेत्र में छुट्टा पशुओं के आतंक से किसान परेशान हैं। गेहूं की फसल की रखवाली के लिए किसान दिन-रात खेतों में घूम रहे हैं। प्रशासन की तरफ से छुट्टा पशुओं को संरक्षित नहीं किया जा रहा है। इससे किसानों की समस्या बढ़ गई है।
क्षेत्र के बैरागल, बेदपुर, गौरा, सैनिया, मझियार, भनखरपुर, अशोकपुर, बरदिया कुंवर, रमनातौफीर, गोकुलपुर तिवारीपुर, सैनिया सहित अन्य गांवों में छुट्टा पशु झुंड में विचरण कर रहे हैं। गेहूं की फसलों को रौंद कर चौपट कर दे रहे हैं। इन पशुओं का झुंड राम जानकी मार्ग पर ललहवा, चिलमा, शुकुलपुरा, भिउरा, दुबौलिया, रमवापुर, तुर्कीपुर, आदि जगहों पर देखा जा रहा हैं। इससे सड़क पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
किसान रामबहादुर, राजेंद्र प्रसाद यादव, राम तीर्थ मौर्य, राधेश्याम चौधरी, शिव मूरत, झिनकान, आदि ने बताया कि प्रशासन की तरफ से छुट्टा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए पशु आश्रय स्थल का निर्माण कराया गया है। मगर, जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते आश्रय स्थल में पशुओं की संख्या मानक के अनुरूप नहीं रहती है। किसान सर्द भरी रात में फसल की रखवाली करने को विवश हैं। एडीओ पंचायत संजय श्रीवास्तव ने कहा कि छुट्टा पशुओं को पकड़कर गो आश्रय स्थल भेजा जा रहा है।