प्राचीन मंदिर और कुएं से अतिक्रमण हटाते स्थानीय नागरिक और नगर पंचायत की टीम
सभासद और व्यापारी अतिक्रमण हटाने में मदद के लिए आगे आए
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। कस्बे में सब्जी मंडी स्थित प्राचीन शिव मंदिर व पौराणिक कुएं को शनिवार को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नगर पंचायत के अध्यक्ष की पहल पर वार्ड के सभासद और व्यापारी अतिक्रमण हटाने में मदद के लिए आगे आ गए।
लंबे समय से इस मंदिर के आसपास सब्जी बेचने वालों ने अतिक्रमण कर मंदिर पर आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया था। कई बार यहां से अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया गया, पर सफलता नहीं मिल सकी। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबल मालानी ने बताया कि दीनदयाल नगर वार्ड में प्राचीन शिव मंदिर हैं। इसके आसपास स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। सभी के साथ बैठक कर आपस में सहमति बनी कि मंदिर को अतिक्रमण मुक्त किया जाए।
इस पर सभी लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए नगर पंचायत के कर्मियों के साथ शनिवार को खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। देर शाम तक मंदिर परिसर को खाली कर दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि इस मंदिर का जीर्णोद्धार जल्द कराया जाएगा। मंदिर के सुंदरीकरण का प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है। सभासद स्कंद कुमार शुक्ला, राजेश विधायक, अप्पू सोनी, भास्कर पाठक, आशुतोष श्रीवास्तव, अभिषेक प्रताप, विवेक सिंह मौजूद रहे।