बस्ती। विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को किसान, जनप्रतिनिधि एवं कृषि तथा सहकारिता विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। इस दौरान खरीफ वर्ष में खाद की उपलब्धता एवं आवंटन पर चर्चा की गई। किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने कई समितियों पर खाद न उपलब्ध होने एवं आवंटन न होने की समस्या गिनाई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने एआर कोआपरेटिव को आवंटन एवं वितरण में सुधार लाने के निर्देश दिए।
सिंचाई बंधु उपाध्यक्ष गजेंद्र मणि त्रिपाठी, विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्रा, कप्तानगंज विधायक के प्रतिनिधि गुलाब चंद्र सोनकर, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह एवं भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय की मौजूदगी में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण को लेकर चर्चा शुरू हुई। किसानों ने बताया कि बटाई पर खेती करने वाले किसानों को समितियों से खाद मिलने में कठिनाई हो रही है। इस पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य ने स्पष्ट किया कि यह समस्या दूर कर दी गई है।
बटाईदार किसान भी संबंधित मालिक का आधार और खतौनी लेकर समिति पर जाएंगे और पीओएस मशीन में अपना अंगूठा लगाकर खाद प्राप्त करेंगे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सभी समितियों पर इस आशय का सूचना चस्पा कराया जाए। ताकि बटाईदारों को समस्या न हो। इसके अलावा गनेशपुर क्षेत्र के कटरा बुजुर्ग समिति पर अधिक किसानों का भार होने का मामला उठाया गया। सहमति बनी कि गनेशपुर में एक और समिति की स्थापना की जाएगी।
किसानों की तरफ से बताया गया कि वायपोखर समिति से 12 हजार किसान जुड़े है। यहां केवल एक ट्रक खाद अभी तक पहुंची है। इसी तरह भरौली रितुराज समिति पर खाद वितरित न होने की शिकायत सामने आई। सीडीओ ने एआर कोआपरेटिव को समितियों पर नियमित खाद के आवंटन और वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिए।
इस मौके पर डीडी कृषि अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।