फर्जी बैनामे का भंडाफोड़, चार नामजद
बस्ती। असली की जगह दूसरी महिला को खड़ा करके जमीन बैनामा कराने के मामले में कोतवाली थाने में पुलिस ने चार आरोपितों पर मुकदमा दर्ज किया है।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर बड़ेवन दक्खिन टोला निवासी रामतौल ने तहरीर दी। बताया कि उनके बचपन में ही पिता का निधन हो गया था। दिसंबर 2009 में मां कलावती भी चल बसीं। आरोप है कि आरोपितों ने 16 फरवरी 2019 को कलावती की जगह किसी अज्ञात महिला को खड़ी करके फर्जी दस्तावेज तैयार कराया और कचहरी स्थित निबंधन कार्यालय में बैनामा करा लिया। 10 नंवबर 2019 को इसकी जानकारी हुई।
इस बाबत जब आरोपितों से बात करनी चाही तो अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए जानमाल की धमकी दी गई। कोतवाल रामपाल यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर गनेशपुर चौक निवासी मोहम्मद रफीक, गनेशपुर टोला दखिन निवासी जगदीश चौधरी, गनेशपुर चौक निवासी धनुषधारी गुप्ता और ओरीजोत गांधीनगर कोतवाली निवासी चंद्रप्रकाश पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।