पंचायत चुनाव की चुनौतियों पर घंटों चली मंत्रणा
बस्ती। आसन्न पंचायत चुनाव के मद्देनजर की जा रही सुरक्षा संबंधी तैयारियों की शुक्रवार को गहन चर्चा की गई। जिले के साथ ही संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के एसपी के साथ पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार राय ने रेंज कार्यालय पर समीक्षा की।
एसपी हेमराज मीणा, एसपी संतकबीरनगर डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिद्धार्थनगर राम अभिलाष त्रिपाठी ने भी कई अहम सुझाव दिए। इस दौरान त्वरित तथा सटीक सूचनाओं की अहमियत पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया। आईजी ने जिलेवार समीक्षा के दौरान चुनाव प्रभावित करने वालों के विरुद्घ निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री तथा पशु तस्करी पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान आईजी ने न्यायालयों और उच्चाधिकारियों के आदेशों का शत प्रतिशत पालन कराने, आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समय से निस्तारित करने का निर्देश दिया। महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने, एंटी रोमियो स्क्वायड को सक्रिय रखने के साथ ही आईजी ने सभी मुख्य बाजारों, मार्गों, चौराहों और हाईवे पर रात्रि गश्त तथा प्रभावी चेकिंग करने का सख्त निर्देश दिया।