बस्ती। सीएमओ के अधीन तैनात एक सीनियर चीफ फार्मासिस्ट 67 साल की उम्र में रिटायर होने की जगह ड्यूटी कर रहे हैं। इस मामले में शासन की ओर से सीएमओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संबंधित स्टाफ से संबंधित अन्य शिकायतों की भी जांच कर आख्या मांगी गई है।
सीएमओ कार्यालय का कहना है कि मानव संपदा के पोर्टल पर जन्म तिथि फीड करने के दौरान गलती हुई है, जिसका सुधार नहीं कराया गया। पोर्टल पर जन्म तिथि पांच जनवरी 1959 शो कर रही है। संविदा पोर्टल पर यह गलती दिखने के कारण यह बड़ा मुद्दा बना है। सर्विस बुक, आधार व हाईस्कूल की मार्कशीट पर सही उम्र दर्ज है। इसकी जांच आख्या शासन को प्रेषित की जा रही है। सीएमओ से छह बिंदुओं पर आख्या तलब की गई है। इसमें अभिलेखों में संबंधित स्टाफ की जगह उनके दूसरे सहयोगी का हस्ताक्षर पाए जाने पर कार्रवाई न किए जाने, हस्ताक्षर की फोरेंसिक जांच न कराए जाने, कूटरचना कर कोई अन्य गड़बड़ी न किए जाने आदि मामलों में स्पष्टीकरण तलब किया गया है। इससे पहले जो जांच आख्या भेजी गई थी उसमें कई तथ्य सामने नहीं आए थे, इससे आगे की जांच पूरी नहीं हुई। अब फिर से जांच आख्या मांगी गई है।
कोट::: पत्र आया है, नियमानुसार जांच कर रिपोर्ट भेजी जाएगी। पुराने प्रकरण के भी कागजात जुटाए जा रहे हैं। -डॉ. राजीव निगम, सीएमओ, बस्ती।