बस्ती। सावन में कांवड़ यात्रा के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सोमवार को डीएम रवीश गुप्ता की ने पुलिस लाइंस सभागार में बैठक की। तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि कांवड़ यात्रा सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, साइन बोर्ड, विश्राम स्थल, मोबाइल चिकित्सा इकाई, एंबुलेंस और कंट्रोल रूम की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने को कहा। निर्देश दिया कि समस्त थानाध्यक्ष कांवरिया समिति सदस्यों के साथ बैठक अवश्य कर लें और उनके सुझाव प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कावड़ यात्रा के दौरान रास्तों में पड़ने वाले गड्ढों की पैचिंग और बिजली विभाग के अधिकारियों को खंभे चिन्हित करते हुए उस पर पॉलीथिन लगाने और सड़कों पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने को कहा। सीएमओ को शिविर लगाने और उसमें डाक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। शिविर में स्नेक वेनम भी उपलब्ध रहे। एनएचएआई के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर पड़ने वाले अवैध कटों को बंद करने और आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की हिदायत दी।
एडीएम प्रतिपाल चौहान ने नगर निकायों को निर्देश दिया कि शिविर स्थलों, मंदिरों एवं मुख्य यात्रा मार्गों पर विशेष साफ-सफाई की जाए, शौचालय एवं कूड़ेदान की पर्याप्त व्यवस्था हो। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, और जल निगम को पेयजल टैंकर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। एएसपी ने बताया कि सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। कांवड़ समितियों से अपने से संबंधित समस्त सूचनाएं व कार्ययोजना संबंधित थाने पर अवश्य देने की अपील की।
बैठक में सीएमओ डॉ. राजीव निगम, एसडीएम रश्मि यादव, मनोज प्रकाश, डीडीओ अजय कुमार सिंह, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत विजय प्रकाश वर्मा, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, कावड़ समिति के सदस्य एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।