बस्ती। सुचारू आपूर्ति और अधिक राजस्व प्राप्ति के लिए बिजली विभाग ने नई पहल शुरू की है। अधीक्षण अभियंता रणजीत चौधरी के नेतृत्व में स्पेशल टास्क फोर्स बनाने की योजना तैयार की गई है। निगम के प्रत्येक डिवीजन में एसटीएफ गठित की जाएगी। इसमें सक्रिय एसडीओ, जेई और लाइनमैन शामिल होंगे। यह टीम क्षेत्र में व्यवसायिक मापदंड और तकनीकी स्तर पर मजबूती दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
एसई के निर्देश के बाद सभी डिवीजन में एसटीएफ गठित करने की तैयारी शुरू हो गई है। सक्रिय अधिकारी और कर्मचारी चिह्नित किए जा रहे हैं। बस्ती जिले में निगम के चार डिवीजन है। प्रत्येक डिवीजन में गठित एसटीएफ क्षेत्र के व्यवसायिक पैरामीटर पर विशेष फोकस करेगी। बाजार क्षेत्र एवं इंडस्टि्रयल क्षेत्र में सुचारू आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। इसके बदले अधिक बिजली की आपूर्ति कर अधिक से अधिक राजस्व की प्राप्ति की जाएगी। एसटीएफ क्षेत्र के बकाएदारों पर भी नकेल कसेगी। उनसे बकाया रकम की वसूली में सक्रियता दिखाएगी। इसके अलावा बिजली चोरी पर भी अकुंश लगाने में इस टीम की विशेष भूमिका रहेगी। यदि किसी ट्रांसफार्मर में डीटी मीटर के जरिये लोड अधिक पाया जाएगा तो एसटीएफ इसकी जांच करेगी। इसके अलावा उपभोक्ताओं का कलस्टर भी बनाया जाएगा। इसमें अधिक बिजली खपत कर राजस्व देने वाले उपभोक्ता शामिल रहेंगे। तकनीकी स्तर भी ट्रांसफार्मर और उपकेंद्र को मजबूत बनाने में एसटीएफ की भूमिका होगी। जहां तकनीक रूप से कार्य की जरूरत महसूस की जाएगी इसके लिए एसटीएफ उच्चाधिकारियों को तत्काल रिपोर्ट करेगी। कमियों को दुरुस्त कराने के लिए एसटीएफ सक्रिय रहेगी।
-
कोट
उपभोक्ताओं को सुचारू आपूर्ति और राजस्व बढ़ाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन प्रत्येक डिवीजन में किया जा रहा है। इस टीम के ऊपर विशेष जिम्मेदारी होगी। तकनीकी स्तर पर आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के साथ यह सुनिश्चित करना है कि किस क्षेत्र से अधिक राजस्व की प्राप्ति की जा सकती है।
रणजीत चौधरी, एसई, बिजली वितरण निगम, बस्ती।