गौर। रेलवे स्टेशन से तीन किमी पूरब केसरई गांव के पास गेट संख्य 212 सी के पास अप रेलवे लाइन पर शनिवार की सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव पाया गया। इसकी सूचना गेटमैन ने स्टेशन अधीक्षक गौर को दी। गौर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने में जुट गई। कुछ देर बाद बुजुर्ग महिला की पहचान जिला छपरा (बिहार) के रहने वाले रामकिशन की पत्नी सीता (70) के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खजूरी थाना पानापुर जिला छपरा (बिहार) निवासी रामकिशन की पत्नी सीता (70) परिवार के साथ काठगोदाम एक्सप्रेस ट्रेन सेउत्तराखंड के थाना रुद्रपुर जिला हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थीं। ट्रेन टिनिच-गौर रेलवे स्टेशन के बीच केसरई गांव के पास पहुंची थी, तभी बुजुर्ग महिला सीता हादसे की शिकार हो गईं। ट्रेन में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
सीता का नाती मनीष कुमार पुत्र राजेश शर्मा भी साथ में था। परिवार के अन्य सदस्य आगे बभनान रेलवे स्टेशन पर उतर गए। वापस आकर गौर पुलिस को हादसे के बारे में सूचना दी। इसके बाद मनीष ने मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग महिला की पहचान अपनी दादी सीता के रूप में की। मनीष ने बताया कि दादी ट्रेन में नित्यक्रिया के लिए जा रही थीं। अचानक नीचे गिर गईं।
थानाधक्ष गौर संतोष कुमार ने बताया कि बुजुर्ग महिला की पहचान उसके नाती मनीष कुमार ने की है। पंचायतनामा कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।