बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के कचनी गांव के निकट स्थित कुआनो नदी में शनिवार की शाम भैंस नहलाते समय वृद्ध की नदी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कचनी गांव निवासी संतू (62) पुत्र स्व. टहल शनिवार को अपनी भैंस को चराने के लिए गांव के दक्षिण सिवान में लेकर गए थे। कुछ समय बाद वह भैंस को नहलाने के लिए कुआनो नदी में पहुंच गए। भैंस नहलाते समय उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। इस दौरान जलकूंभी में फंस गए और डूबने लगे। दूर खड़े छोटे बच्चों ने गांव में जाकर शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्रित होकर नाव के सहारे करीब एक घंटे बाद वृद्ध को बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची लालगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद