बहादुरपुर। कलवारी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को छह वर्षीय मासूम के यौन शोषण की कोशिश के आरोप में पुलिस ने हदीश (85) नाम के बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि टॉफी दिलाने के बहाने वह बच्ची को साथ ले गया और दरिंदगी पर उतर आया।
गनीमत रही कि इसी बीच बच्ची को खोजते हुए उसकी मां आरोपी के घर तक पहुंच गई। बच्ची की मां के शोर मचाने पर जुटे गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी हदीश को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि वह बेटी को लेकर मायके आई हुई है। रविवार की सुबह भोजन के बाद बच्ची घर के बाहर खेलने चली गई थी। इसी बीच गांव का बुजुर्ग हदीश उसे टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। बच्ची दोपहर एक बजे तक घर नहीं लौटी तो उसकी मां खोजने निकली। इस दौरान बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर बच्ची की मां आरोपी हदीश के घर के पास रुक गई। वहां बच्ची के साथ हदीश की अश्लील हरकतें देखकर उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए।
इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी हदीश को हिरासत में ले लिया। थानेदार गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित मासूम की मां की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ कलवारी संजय सिंह ने बताया इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच कराई जा रही है। संवाद