सीएमओ न किया निरीक्षण
- मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में सैकड़ों मरीजों का हुआ उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने सैकड़ों मरीजों का परीक्षण कर निशुल्क इलाज किया। सीएमओ ने दो पीएचसी और एक सीएचसी का निरीक्षण किया तो दो चिकित्सक और छह अन्य स्वास्थ्य कर्मी गैरहाजिर मिले। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
मुंडेरवा संवाद के अनुसारए सीएमओ डॉ. आरएस दूबे ने ओड़वारा पीएचसी पर आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। जहां डाॅ. नीलम चौधरी व एलटी अश्वनी कुमार गैरहाजिर मिले। यहां सिर्फ 12 मरीज ही पहुंच सके। इस पर सीएमओ ने वेतन रोकने के निर्देश दिए और मुंडेरवा सीएचसी पर पहुंच कर मेले का हाल जाना।
यहां सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने अस्पताल की जर्जर स्थिति को बताया। पीएचसी कुदरहा पर पहुंचे सीएमओ ने पाया कि यहां डाॅ. भानु गिरी गैरहाजिर हैं और स्टाफ नर्स सुमन व दो अन्य दो दिन से गैरहाजिर पाई गईं। नाराज सीएमओ ने तीन स्टाफ नर्स और एएनएम सहित चार लोगों का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बनकटी संवाद के अनुसार पीएचसी में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान एक्स-रे रूम बंद पाया गया। डॉ. नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि अब तक 30 मरीजों की जांच कर दवा दी गई है। यहां सबसे अधिक मौसमी बीमारी से ग्रस्त मरीज आए हैं।
भानपुर संवाद के अनुसार सीएचसी समेत क्षेत्र के तीन पीएचसी पर आयोजित जन आरोग्य मेले में 149 मरीजों ने अपना पंजीकरण कराकर निशुल्क दवाइयां लीं। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. सचिन चौधरी ने बताया कि कुल पंजीकृत 149 मरीजों में सर्वाधिक संख्या खांसी, बुखार व पेट दर्द के थे।
वाल्टरगंज संवाद के अनुसार, आरोग्य मेले में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रवि वर्मा ने कुल 66 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और दवाइयां दीं। बताया कि इन दिनों खांसी, बुखार व पेट दर्द के मरीज आ रहे हैं। जिनका इलाज कर उपचार किया जा रहा है।