कोशिश के बावजूद टीकाकरण का ग्राफ 60 फीसदी
बस्ती। कोरोना टीकाकरण के लिए तमाम कवायद के बावजूद अब तक 60 प्रतिशत ग्राफ पहुंच सका है। हालांकि टीकाकरण में शहरी क्षेत्र का ग्राफ 161 फीसदी से अधिक है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र के मरवटिया पीएचसी इलाके का स्थान सबसे निचले पायदान मात्र 41 प्रतिशत पर ठहरा है। यह स्थिति डीएम सौम्या अग्रवाल को नागवार लगी है। डीएम ने सभी एमओआईसी को एक पखवारे में ग्राफ को 90 प्रतिशत तक पहुंचाने केा निर्देश देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शहर से लेकर गांव-गांव तक टीकाकरण के लिए केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, मगर जागरूकता की कमी के चलते अब भी स्वास्थ्य विभाग को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। प्रशासन भी शासन के कदम से कदम मिलाते हुए लक्ष्य पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगाए हुए है, लेकिन लक्ष्य से अब भी काफी पीछे है।
सीएमओ डॉ. अनूप कुमार ने कहा कि कोरोना टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी ताकत लगाए हुए है। गांव-गांव शिविर लगाकर लोगों को टीका लगाने का काम किया जा रहा है। सभी एमओआईसी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के गांवों में 95 प्रतिशत का लक्ष्य पूरा करें। जिन गांवों में यह लक्ष्य पूरा होगा वहां के प्रधान को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एमओआईसी को प्रधान के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है। अब तक 1589474 लोगों को टीका लगा है। इसमें से 404835 लोगों को दोनों डोज लगाए गए हैं, मगर बड़ी संख्या में लोगों को दूसरी डोज नहीं लग पाई है। इसका कारण कई लोगों की समय सीमा पूरी नहीं हो सकी है।
ब्लाकवार ग्राफ
सांऊघाट 49.1
गौर 50.7
परशुरामपुर 58.9
मरवटिया 41.8
सल्टौआ 56.8
हर्रैया 68.9
विक्रमजोत 65.6
बहादुरपुर 61.6
कुदरहा 63.3
बनकटी 75.4
रुधौली 95.8
भानपुर 68.4
कप्तानगंज 66
दुबौलिया 62.9
‘लोगों में जागरूकता की कमी’
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. फखरेयार हुसैन ने कहा कि लोगों में अब भी जागरूकता की कमी है। रही मरवटिया पीएचसी क्षेत्र के ग्राफ कम होने की बात तो वहां का तमाम क्षेत्र शहर से जुड़ा है, इसलिए यहां के ग्राफ में उसे जोड़ लिया जाता है।
महिला अस्पताल में रात दस बजे तक लगेगा टीका
बस्ती। महिला अस्पताल में कोरोनारोधी टीका अब सोमवार से रात 10 बजे तक लगेगा। के लिए विशेष बूथ बनाया गया है। कर्मचारियों, व्यापारियों व मजदूर तबके को टीकाकरण में इससे सुविधा मिलेगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एफ हुसैन ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में शहरी क्षेत्रों में रोजगार संबंधी व्यस्तता के दृष्टिगत छूटे हुए लाभार्थियों के लिए फ्लेक्सी टाइमिंग व्यवस्था के तहत टीकाकरण का सत्र संचालित किया जाना है। जिले में सुबह आठ से रात 10 बजे तक कम से कम एक टीकाकरण सत्र का संचालन दो शिफ्ट में किया जाना है। आम लोगों की सुविधा को देखते हुए महिला अस्पताल का चयन किया गया है। सोमवार से वहां पर रात 10 बजे तक बूथ संचालित होगा। संवाद