गौर। बभनान उपकेंद्र पर लगे ट्रांसफाॅर्मर में तकनीकी खराबी आ जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। सभी फीडरों को बारी-बारी से एक-दो घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। बभनान उपकेंद्र से ग्रामीण उपभोक्ताओं को मिलने वाली बिजली ट्रांसफाॅर्मर में तकनीकी गड़बड़ी के चलते बाधित हो गई है।
मंगलवार को दिन में उपभोक्ताओं को मात्र एक से दो घंटे ही बिजली मिल पाई। बाकी समय कटौती का सामना करना पड़ा। इस समय सबसे ज्यादा दिक्कत किसानों को हो रही है। क्योंकि बिजली न मिलने से किसान गेहूं की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं और रात में जंगली जानवरों से फसलों को बचाने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कटौती से ग्रामीणों को कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। घर के छत पर रखी पानी की टंकी मोटर न चलने से खाली हो गए हैं। चार्ज के अभाव में इनवर्टर बंद हो गए हैं।
अवर अभियंता राजशेखर सिंह ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर में कुछ तकनीकी दिक्कत से आपूर्ति बाधित थी, जिसे ठीक कर लिया गया है। अब रोस्टर के अनुसार सभी फीडरों को आपूर्ति दी जा रही है। संवाद