बस्ती। परिषदीय विद्यालयों में जिले के अंदर हो रहे समायोजन को लेकर शिक्षकों में भारी आक्रोश है। बुधवार को शिक्षकों ने उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह के नेतृत्व में डीएम और बीएसए को ज्ञापन सौंपा। दोनोंं अधिकारियों ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षकों का कहना है कि जो शिक्षक सरप्लस हैं, उन्हें बंद और एकल विद्यालयों में भेजने के लिए नियम संगत तरीके से काउंसिलिंग कराई जाए, ताकि शिक्षक मनचाहे विद्यालय में जा सकें। जिलाध्यक्ष ने कहा कि विभाग ने मनमानी तरीके से बंद व एकल विद्यालयों तथा सरप्लस शिक्षकों की सूची जारी की है, जबकि वास्तव में बंद और एकल विद्यालयों को प्रदर्शित नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि कम छात्र संख्या दिखाकर बड़ी संख्या में शिक्षकों को सरप्लस दिखाया गया है। यदि शिक्षकों की मांगे नहीं मानी गई तो शिक्षक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा ने कहा कि मृतक और स्थानांतरित हो चुके शिक्षकों के नाम भी विद्यालय की सूची में प्रदर्शित हो रहा है।
ज्ञापन देने वालों में अर्चना सेन, विजया यादव, कमला यादव, अजय श्रीवास्तव, अशोक यादव, राजीव सिंह व अन्य शामिल रहे।