जिला अस्पताल के ओपीडी में चिकित्सीय परामर्श के लिए इंतजार करते मरीज संवाद
बस्ती। जिला अस्पताल के ओपीडी और इमरजेंसी में आने वाले मरीज सर्दी-जुकाम व बुखार के साथ खांसी से जकड़े हुए हैं। अधिकांश में सूखी खांसी की शिकायत है। ऐसे रोगियों की चिकित्सक जांच करा रहे और रिपोर्ट आने पर दवा देकर घर भेज रहे। जरूरत पड़ने पर उन्हें भर्ती कर रहे हैं।
लगातार गिरते तापमान से खांसी-जुकाम और मौसमी संक्रमण के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सुबह-शाम और रात के समय काफी गलन वाली ठंड पड़ने का असर लोगों की सेहत पर तेजी से पड़ रहा है। बताया गया कि रोजाना जिला अस्पताल में 40 से 45 मरीज खांसी वाले पहुंच रहे हैं। कई में बुखार के साथ बदन दर्द है। इसमें बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग मरीज अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
सोमवार को जिला अस्पताल में 879 मरीज पहुंचे। सर्वाधिक मरीज मेडिसिन विभाग के थे। फिजीशियन डॉ. रामजी सोनी ने बताया कि खांसी वाले मरीज अधिक आ रहे। उनमें कई दिन से खांसी आने और कफ जम जाने की शिकायत है। ऐसे रोगियों की जांच कराई जा रही है। इसके बाद बाल रोग विभाग में भी 128 मरीज पहुंचे। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीएस पटेल ने बताया कि सर्दी-जुकाम से जकड़े बच्चों में खांसी और नाक बहने की शिकायत है। ऐसे बच्चों को चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है। बुखार, सिरदर्द और गले में खराश जैसी दिक्कतें भी हैं।