बस्ती का सूना पड़ा बस्ती कलवारी मार्ग।
- फोटो : BASTI
ड्रोन कैमरे से निगरानी करेगी पुलिस
पुरानी बस्ती में लॉकडाउन के दौरान एसओ ने जांची स्थिति
हर घर पर नजर रखने के लिए शहरी क्षेत्र में ड्रोन का प्रयोग
बस्ती। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन शिकंजा कसने की तैयारी में जुट गया है। अब तक सामान्य रूप से सड़कों पर सायरन बजाते घूम रही पुलिस शहरी क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से नजर रखेगी। शहरी क्षेत्र में पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र में इसका ट्रायल एसओ सर्वेश राय ने अधिकारियों की अगुवाई में किया। अब कोतवाली थानाक्षेत्र के समूचे इलाके में इसका प्रयोग होगा।
शहर के गली-मोहल्लों में लॉकडाउन को लोग तोड़ रहे हैं। इन स्थितियों को संज्ञान में लेकर प्रशासन नए सिरे से इस पर सख्ती करने की तैयारी में है। इसी उद्देश्य को लेकर गली-मोहल्लों पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन कैमरे का प्रयोग करेगी। इसका परीक्षण पुरानी बस्ती में किया गया है। कोतवाली क्षेत्र में कोतवाल रामपाल यादव तो पुरानी बस्ती में एसओ सर्वेश राय व्यवस्था पर नजर रखेंगे। डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि लॉकडाउन तोड़ने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बावजूद इसके कुछ तत्व इसे लेकर लापरवाही बरत रहे हैं। अब उनके ऊपर भी नजर रखने की व्यवस्था बना ली गई है। ड्रोन कैमरे से ऐसे तत्वों पर नजर रखी जाएगी। यदि किसी ने लॉकडाउन तोड़ने की कोशिश की तो उस पर धारा 188 के तहत कार्रवाई होगी।