बस्ती। वेतन में महंगाई भत्ता जोड़ने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर
राजकीय वाहन चालक महासंघ आंदोलन की राह पर हैं। वाहन चालक 27 दिसंबर तक
काला फीता बांधकर काम करेंगे।
गुरुवार को पीडब्लूडी प्रांतीय खंड
कार्यालय के सामने गेट मीटिंग कर वाहन चालकों ने विरोध प्रदर्शन किया।
महासंघ संरक्षक नरेंद्र देव मिश्र, अध्यक्ष चंद्र प्रकाश पांडेय, महामंत्री
रामभारत यादव आदि ने कहा कि राजकीय वाहन चालकों को पुलिस, सचिवालय सुरक्षा
दल की भांति वेतन में महंगाई भत्ते को जोड़कर दिया जाए।
वाहन
रख-रखाव के लिए 500 रुपये प्रति माह वेतन में जोड़कर उपलब्ध कराया जाए और
राजकीय वाहनों का बीमा वाहन अधिनियम के तहत कराया जाए। कर्मचारी नेताओं ने
रिक्त पड़े वाहन चालकों के पदों पर अविलंब भर्ती कर वेतन विसंगतियों को दूर
करने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि यदि 27 दिसंबर तक मांगे न
मानी गईं तो 28 दिसंबर को समूचे प्रदेश के राजकीय वाहन चालक एक दिवसीय
सामूहिक अवकाश लेकर सरकार का ध्यानाकर्षण करेंगे और जिलाधिकारी कार्यालय के
समक्ष धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
आंदोलन
के दूसरे दिन काला फीता बांधकर मांगो के समर्थन में आवाज बुलंद करने वालों
में श्यामधर सोनी, श्यामलाल, गोपाल, हरिश्चंद्र चौधरी, चिंताहरण, रंगू
यादव, कपिल, वकील सिंह, जाहिद आदि शामिल रहे।