दुबौलिया क्षेत्र में सड़क के बीच बनाई गई नाली। संवाद
दुबौलिया। ब्लॉक क्षेत्र के तिघरा ग्राम पंचायत में खड़ंजा मार्ग के बीच से करीब एक फीट ऊपर नाली निर्माण कर दिया गया है। इससे आवागमन बाधित हो गया है।
सांसद निधि से तिघरा ग्राम पंचायत में करीब पांच लाख रुपये से कार्यदायी संस्था सिडको ने दो नाली का निर्माण कराया है। एक नाली निर्माण 85 मीटर व दूसरी करीब 115 मीटर की है। इंटर कॉलेज के सामने से बनाई गई नाली 85 मीटर की है, जो खड़ंजा मार्ग के बीच में खोदकर करीब एक फीट ऊपर तक बनी हुई है।
वहीं दूसरी नाली अमृत सरोवर, रविदास मंदिर सहित कब्रिस्तान को जोड़ने वाले खड़ंजा मार्ग को भी खोदकर करीब डेढ़ फिट ऊपर निर्माण कर दिया गया है। इससे वहां भी आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। ग्राम प्रधान रामचंद्र ने बताया नाली निर्माण जब हो रहा था, तभी इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई थी, मगर कहीं सुनवाई नहीं हुई।
कार्यदायी संस्था सिडको के अवर अभियंता मयंक ने बताया जल्द ही नवनिर्मित नाली के दोनों बगल मिट्टी डालकर एक लेवल में बनाया जाएगा, ताकि आवागमन बाधित न हो सके। नाली की ऊंचाई अधिक होने की भी जांच कराई जाएगी।