निजी अस्पतालों के पंजीकरण में लापरवाही पर डीएम ने रोका एसीएमओ का वेतन
- कोविड टीकाकरण का लक्ष्य पूरा न होने पर भी जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोविड टीकाकरण में जनपद के 69वें स्थान पर रहने और लक्ष्य के सापेक्ष 30 से 40 प्रतिशत टीकाकरण पर डीएम सौम्या अग्रवाल ने कड़ी नाराजगी जताई है। विकास भवन सभागार में मंगलवार को टीकाकरण की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बेहतर प्लानिंग करने और लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया है। वहीं निजी अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन करने में लापरवाही पर नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सीएल कन्नौजिया का वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
बैठक में डीएम ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया है कि विशेष प्रयास करें, फुलप्रूफ कार्य योजना बनाएं तथा लाभार्थियों के मोबेलाइजेशन में तेजी लाएं। प्राय: टीकाकरण तो अधिक होता है लेकिन पोर्टल पर समय से फीड न होने के कारण पूरी संख्या प्रदर्शित नहीं होती है। इसलिए पोर्टल पर फीडिंग का कार्य समय से पूरा करें। समीक्षा में उन्होंने पाया कि एचएमआईएस पोर्टल पर मात्र 21 निजी अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन कराया गया है। ढाई माह पूर्व भी रजिस्ट्रेशन की यही संख्या थी। जिलाधिकारी ने इस स्थिति पर असंतोष जताते हुए इसके नोडल अधिकारी डॉ. सीएल कन्नौजिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा उनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोके जाने का निर्देश दिया। कहा कि उनकी ओर से सभी पात्र अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन पूरा किए जाने का प्रमाण पत्र दिया जाएगा। समीक्षा में डीएम ने पाया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर का पंजीकरण न होने से गर्भवती महिलाओं का समुचित चिकित्सा संभव नहीं हो पा रहा है। इसके लिए जिला मुख्यालय पर पांच तथा ब्लाक मुख्यालय पर एक-एक अस्पताल का एक सप्ताह के भीतर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए इसमें लगभग 4000 की कमी पाई। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि हेल्थ वेलनेस सेंटर पर पहुंच मार्ग न होने की सूची सीडीओ को उपलब्ध करा दें।
बैठक का संचालन डीपीएम राकेश पांडेय ने किया। बैठक में सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एसीएमओ डॉ. एफ हुसैन, डॉ. सीके वर्मा, सीएमएस डॉ. सुषमा सिन्हा, अर्बन नोडल डॉ. एके कुशवाहा, डीपीओ सावित्री देवी, यूनिसेफ के आलोक राय, सुधीर कुमार, मलेरिया अधिकारी आईए अंसारी सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी, उपस्थित रहे।