भदेश्वरनाथ में जलाभिषेक से पहले बैरीकेडिंग के बीच से गुजरते कांवड़िए संवाद
बस्ती। सोमवार देर रात करीब 12 बजे डीएम कृत्तिका ज्योत्सना और एसपी डॉ. यशवीर सिंह भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
रात भर बाबा भदेश्वरनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे कांवड़ियों पर अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ियों के सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। देर रात तक अधिकारियों की मौजूदगी और कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा ने भक्ति और उत्साह से भरे माहौल को और भी खास बना दिया।
इस अवसर पर सीडीओ सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, एसडीएम राजेश यादव समेत अन्य मौजूद रहे।