बस्ती। सात महीने बाद जिला पंचायत बोर्ड की बैठक 27 सितंबर को होनी प्रस्तावित है। इसके लिए जिला पंचायत ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ही जन प्रतिनिधियों को भी बैठक में आमंत्रित किया है। जिला पंचायत परिषद के अपर मुख्य अधिकारी विकास मिश्रा ने बताया कि बैठक दोपहर 12 बजे जिला पंचायत सभागार में होगी। इसकी अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी करेंगे।
इसमें सांसद हरीश द्विवेदी, चारों विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य व ब्लॉक प्रमुखों हिस्सा लेंगे। उल्लेखनीय है कि पिछली बैठक 18 मार्च को आयोजित की गई थी। एएमए ने बताया कि इसमें पिछली कार्यवाही की पुष्टि पर चर्चा होगी। उसके बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान (इसरो) द्वारा भेजे गए चंद्रयान-तीन के सफल परीक्षण पर बधाई संदेश भेजा जाएगा। बताया कि हाॅटमिक्स पद्धति से सड़कों के निर्माण के लिए कार्ययोजना के अनुमोदन पर भी चर्चा की जाएगी। फुटहिया ओवरब्रिज के नीचे पार्क के सुंदरीकरण, मनेरगा योजना की वित्तीय वर्ष 2023-24 की प्राप्त कार्य योजना, विधानसभा व विधान परिषद की ओर से जिला पंचायत को भेजे गये प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी।