वाल्टरगंज। गोविंद नगर शुगर मिल को चालू कराने की मांग को लेकर किसान, मजदूर और व्यापारी लगातार 32वें दिन भी बरसात के मौसम में मिल गेट पर धरना-प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक शुगर मिल चालू करने की घोषणा नहीं होती, धरना चलता रहेगा।
श्रमिक महेश कुमार पांडे ने आरोप लगाया कि जनपद के सत्ता और विपक्ष दोनों ही दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है, फिर भी प्रशासन किसानों और मजदूरों की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन बना हुआ है। धरनास्थल पर मौजूद श्रमिक अंगद वर्मा ने कहा कि अब कोई वार्ता शेष नहीं है, सिर्फ शुगर मिल चलाने की घोषणा ही हमारी मांग है। इसके लिए किसान-मजदूर किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। जल्द ही किसान, मजदूर और व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त से मिलकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेगा। धरने में नित्य राम चौधरी, प्रदीप कुमार चौधरी, दिलीप मोदनवाल, राम धीरज, अभय नारायण चौधरी, राम लखन शुक्ला, वीरेंद्र चौधरी, गोपाल मौर्य, राकेश चौधरी, मनोज कुमार आदि शामिल रहे।