संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज। शुक्रवार को थाना लालगंज क्षेत्र के ग्राम अनुपाखोर में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव की विस्तृत जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया।
थाना लालगंज की साइबर टीम ने ग्रामीणों को बताया कि फिशिंग, ओटीपी, यूपीआई, क्यूआर कोड स्कैन, अज्ञात लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग और ऑनलाइन लॉटरी स्कैम जैसे माध्यमों से लोग धोखाधड़ी का शिकार बन रहे हैं। ऐसे में सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। टीम ने बताया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर विश्वास न करें और तुरंत संबंधित जानकारी पुलिस को दें।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 और पोर्टल www.cybercrime.gov.in के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही थाना लालगंज का सीयूजी नंबर 9454403116 भी साझा किया गया ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान से गांव-गांव में जागरूकता बढ़ेगी और साइबर अपराधों पर रोक लगेगी।