बस्ती। बस्ती शहर में डेंगू का एक मरीज मिला है। मरीज ने कानपुर के एक प्राइवेट लैब में जांच कराई थी। जांच में महिला पॉजिटिव मिली है। लैब से यह रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को मिली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीज से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
करीबी लोगों की खून की जांच कराए जाने के साथ ही क्षेत्र में फागिंग व दवा की छिड़काव कराई जाएगी। शहर में कोतवाली रोड स्थित पोस्ट ऑफिस के पास रहने वाली 36 वर्षीय महिला को बुखार आदि की शिकायत पर उसने चार सितंबर को चिकित्सक को दिखाया। डेंगू के लक्षण पाए जाने पर चार सितंबर को कानपुर की एक प्राइवेट लैब में उसने जांच के लिए सैंपल दिया था। आईजीएम एलाइजा जांच में सात सितंबर को रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है। महिला का उपचार कानपुर में निजी अस्पताल में चल रहा है। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि परिवार के लोगों से संपर्क करके वहां निरोधात्मक कार्रवाई कराई जा रही है। संवाद