कलवारी। क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में चीनी के मूल्य को लेकर दो लोगों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद पक्ष ने युवक की पिटाई कर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है।
दर्ज एफआईआर में कलवारी क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी अमित कुमार ने बताया कि रविवार की शाम लगभग चार बजे गोपालपुर निवासी अर्पित दुबे से चीनी मूल्य को लेकर बहस हो गई। इसके बाद वे घर जा रहे थे तो बहादुरपुर प्राइमरी स्कूल के पास अकेला पाकर अर्पित दुबे ने उन्हें रोक लिया और गाली देने लगा। विरोध करने पर पटरे से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया।
परिजन उन्हें सीएचसी कलवारी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करके चौकी प्रभारी बहादुरपुर तेज प्रताप सिंह को जांच दी गई है। संवाद