एनआरसी वार्ड में कुपोषित बच्चे की फाइल देखते सीडीओ सार्थक अग्रवाल संवाद
बस्ती। जिला अस्पताल को मांग के अनुसार ड्रग कॉर्पोरेशन के वेयर हाउस से दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसका खुलासा शुक्रवार को सीडीओ सार्थक अग्रवाल के जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण के दौरान हुआ।
सीडीओ ने दवा कम होने पर जांच की तो पता चला कि 86 दवाओं के भेजे गए डिमांड में सिर्फ तीन मिलीं, शेष 83 दवा नहीं दी गईं। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। हालांकि, बताया गया कि ये दवाएं बहुत ही रेयर केस में दी जाती है।
सीडीओ दिन में करीब एक बजे अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। परिसर में गंदगी मिली, इस पर सुधार के लिए निर्देशित किया। इसके बाद वह एनआरसी वार्ड पहुंचे। यहां कप्तानगंज के बसैवा गांव के कुपोषित डेढ़ साल के भर्ती आरुष के सेहत के बारे में जानकारी ली। सात दिन में क्या, क्या पोषण दिए, इसकी जानकारी ली। एनआरसी वार्ड में पांच बच्चे भर्ती मिले। सीडीओ इसके बाद किचन की जांच किए। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता देखी। इसके बाद सीडीओ जन औषधि केंद्र पहुंचे और दवाओं का स्टाॅक देखा।
केंद्र पर कितनी प्रकार की दवाएं हैं सूची मांगी। इसके बाद वह ओपीडी परिसर पहुंचे। दवा वितरण कक्ष में दवाओं की जानकारी ली। डिस्प्ले में प्रदर्शित दवाएं देखी, कई दवाओं का स्टाॅक शून्य और कम मिले। एंटी रेबीज इंजेक्शन का स्टाॅक देखा। परिसर में पेयजल व्यवस्था ठीक नहीं मिली। टूटी नालियां, गंदगी पर भी दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद वह मोर्चरी हाउस में पहुंचे। यहां उन्होंने डीपफ्रीजर देखा। एक डीपफ्रीजर क्रियाशील जबकि एक में तकनीकी खामियां पाई गई। सीडीओ ने एसआईसी डॉ. अनिल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।