बस्ती में जनसभा करते दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला।
दिल्ली के भाजपा सांसद तथा मशहूर भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को दंगामुक्त किया। वहीं, समाजवादी पार्टी ने दंगाइयों को टिकट दिया है।
सोमवार को किसान इंटर कॉलेज परशुरामपुर में आयोजित जनसभा में कहा कि भाजपा समाजिक सुरक्षा तथा राष्ट्रहित के मुद्दे पर वोट मांगती है। एक तरफ मोदी-योगी हैं, तो दूसरी तरफ दंगाइयों को टिकट देने वाली पार्टी है, जिनके प्रत्याशी जेल में हैं। भाजपा की सरकार बनने पर हर घर को एक रोजगार या स्वरोजगार, किसानों को फ्री बिजली, 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को फ्री यात्रा, इंटर पास मेधावी बेटियों को स्कूटी देने के भाजपा के संकल्प को दोहराया।
उन्होंने कहा कि हमारी हिंदू संस्कृति दुनिया की सबसे समृद्ध संस्कृति है। हिंदू संस्कृति को सुरक्षित संरक्षित करने का काम केंद्र तथा राज्य की सरकार ने किया है। मनोज तिवारी ने भोजपुरी गीत निमिया की डारी मइया डारे रे झुलुववा तथा मंदिर अब बनने लगा है, काशी भी सजने लगा है, गीत गाकर उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया।
इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी अजय सिंह, सुनील तिवारी, घनश्याम शुक्ल, श्रीश पांडेय, हरिद्वार मिश्र, अर्जुन सिंह, ताड़कनाथ तिवारी आदि मौजूद रहे।