संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत(बस्ती)। छावनी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर कवलपुर स्थित एक ढाबे पर बुधवार सुबह खड़े ट्रक में हिमाचल प्रदेश निवासी ट्रक खलासी का शव बरामद हुआ। ढाबे के कर्मियों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष छावनी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब एक बजे हिमाचल प्रदेश से गुवाहाटी जा रहा ट्रक ढाबे पर आकर रुका। चालक ओमपाल व खलासी पवन कुमार ने ढाबे में साथ में खाना खाया और रात बिताने के लिए खलासी ट्रक केबिन में जाकर सो गया। वहीं चालक ढाबे पर आराम करने लगा। सुबह करीब चार बजे जब चालक ओमपाल खलासी को जगाने गया तो वह मर चुका था। ढाबा मालिक की सूचना पर पहुंचे छावनी थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने शव को ट्रक से बाहर निकलवाया। चालक के अनुसार खलासी पवन कुमार पुत्र सुरजीत सिंह निवासी कोटला कला जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश का निवासी था। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि चालक और खलासी आपस में रिश्तेदार हैं। मृतक को कोई पुरानी बीमारी थी। उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।