दुबौलिया के बभरौली निवासी था 14 वर्षीय राज
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बेहोशी की हालत में 14 वर्षीय किशोर को लेकर उसके घर वाले पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दुबौलिया थाने के बभरौली निवासी राज बारी (14) पुत्र अमरनाथ के बडे़ भाई विवेक बारी ने बताया कि दो दिनों से उसे उल्टी दस्त हो रहा था। स्थानीय चिकित्सक से इलाज कराया जा रहा था। शनिवार रात सीढ़ी से उतरते समय वह फिसल कर गिर गया। जिससे उसे गंभीर चोट आयी। इलाज हेतु अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गयी। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. राजेश दूबे ने बताया कि राज बारी को मृत हाल में लाया गया था। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले। सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष हरेकृष्ण उपाध्याय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजन पोस्टमार्टम न कराने बात पर अड़े थे।
तीन भाई बहनों में कक्षा तीन का छात्र राज पढ़ाई में काफी तेज था। पिता अमरनाथ नासिक में नौकरी करते हैं। मौत की सूचना पर घर में बडे़ भाई विवेक और बहन सुनीता व मां अंजू का रो रोकर बुरा हाल है।