छुट्टा मवेशियों को लादने की मिली सूचना, तस्कर फरार
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थानाक्षेत्र के परिवारपुर गांव के उत्तर स्थित बाग में छुट्टा मवेशियों को ट्रक में लादने की सूचना शुक्रवार देर रात पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को देख तस्कर और ट्रक चालक भाग निकले। ट्रक में पांच मवेशी लदे मिले।
प्रभारी निरीक्षक सौदागर राय ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर और चालक फरार हो गए। ट्रक और उसमें लदे मवेशियों को कब्जे में ले लिया गया। मवेशियों को नशीला इंजेक्शन लगाया गया था। शनिवार को पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार रॉय से मवेशियों का इलाज कराकर उनकी टैगिंग कराई गई। इसके बाद मवेशियों को गो आश्रय केंद्र भेजा गया। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
ग्रामीणों ने लौटाया मवेशियों से भरा ट्रक
तस्कारों से बरामद मवेशियों को ट्रक में लेकर पुलिस व ब्लॉककर्मी नयकापार गौशाला पहुंचे। ट्रक में लदे पांच मवेशियों को ग्रामीणों ने वापस कर दिया। विरोध के बाद कर्मी मवेशियों को लेकर सड़वलिया गौशाला पहुंचे। वहां भी उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने परखती घाट पर ही ट्रक को रोक लिया। करीब तीन घंटे तक चली मान मनौव्वल के बाद भी ग्रामीण नहीं झुके। मजबूर होकर पुलिस का ट्रक लेकर वापस लौटना पड़ा। प्रभारी बीडीओ हरिपूजन सिंह ने बताया कि पशुओं को दूसरी गौशाला में छोड़ा गया।