रेलवे स्टेशन रोड स्थित एजेंसी पर पर्ची कटवाने के लिए कतार में लगे उपभोक्ता संवाद
बस्ती। शहर से लेकर गांव तक वैसे तो गैस एजेंसियों की भरमार है, मगर तय समय पर उपभोक्ताओं को सिलिंडर देने में कई एजेंसियां असफल हैं। शून्य स्टॉक के चलते उपभोक्ता बिना सिलिंडर लिए लौट जा रहे। कुछ ऐसा ही हुआ मंगलवार को जब 15 एजेंसियों पर सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ता से कहा गया कि गैस की पर्ची नहीं मिलेगी, कल आइए। कुल 25 एजेंसियों पर 10,906 सिलिंडर का वितरण हुआ।
सोमवार को जिले में गैस का लोड नहीं पहुंचा था तो मंगलवार को 25 एजेंसियों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी। उपभोक्ता भरा हुआ सिलिंडर लेने के लिए सुबह से ही कतारबद्ध थे। वहीं, 15 एजेंसी ड्राई होने के चलते उपभोक्ता लाइन से चले गए। वहीं, कई एजेंसियों पर टोकन और पर्ची के लिए धक्का-मुक्की तक हुई। बताया गया कि जहां स्टॉक आया वहां वितरण भी किया गया, लेकिन दोपहर 12 बजे से पहले कई एजेंसियों पर सिलिंडर का स्टॉक खत्म हो गया। इससे लोगों को सांसत झेलनी पड़ी। अब उन्हें दोबारा दूसरे दिन सिलिंडर लेने आना पड़ेगा।
मालवीय रोड की निशा निषाद ने बताया कि पासबुक जमा किए थे। पर्ची कटी, मगर लेट हो गया। इससे अब दोबारा दूसरे दिन सिलिंडर लेने आना पड़ेगा। गर्मी में परेशानी हुई। सांऊघाट की गुड़िया ने बताया कि किसी तरह पर्ची कटी, मगर सिलिंडर लेने पहुंचे तो खत्म हो गया। बिना सिलिंडर के लौट गए। उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग के बाद पर्ची कटने में परेशानी हो रही है। पर्ची कट भी जाती है तो आधा घंटे तक डीएसी कोड के लिए खड़ा होना पड़ रहा है।
चूंकि, सर्वर धीमे चल रहा है। अभी भी 19 हजार से अधिक बैकलाग बताया जा रहा है। रोजाना 16 से 17 हजार बुकिंग वर्तमान में हो रही है। वहीं, लग्न के सीजन में 30 से 31 हजार बुकिंग होती थी। जनपद में 40 एजेंसी पर छह लाख के करीब उपभोक्ता हैं।