बभनान। बभनान बाजार से गौर की तरफ जा रहे एक साइकिल सवार को अचानक चक्कर आ गया। वह लड़खड़ा कर साइकिल समेत सड़क पर गिर गया। आसपास के लोगों की नजर पड़ी तो उसे उठाकर बैठाया। इसके कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान कराकर और परिजनों को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को देर शाम पर पैकोलिया थाना क्षेत्र के पेडरिया गांव निवासी रामजन्म यादव (50) बभनान बाजार में चीनी मिल और आसपास के ट्रांसपोर्ट पर बड़ी गाड़ियों में ग्रीसिंग का काम करते हैं। वह साइकिल से आ रहे थे कि अचानक लड़खड़ाकर गिर गए। चौकी प्रभारी बभनान अजय नाथ कनौजिया ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंच कर देखा गया उक्त व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। सूचना पर उसके परिजन मौके पर पहुंच गए, वे पोस्टमार्टम नहीं करना चाहते थे। स्वाभाविक मौत का मामला होने के चलते परिजन शव लेकर घर चले गए। संवाद