बाजार में खरीदारी करते लोग संवाद
- फोटो : samvad
बस्ती। छठ पर्व को लेकर रविवार को बाजारों में सुबह से ही रौनक बनी रही। व्रती महिलाओं और उनके परिवार के सदस्यों ने पूजा के लिए सूप, दौरी, गन्ना, नारियल, केला, सेब, संतरा, शकरकंद और सिंघाड़ा समेत अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी की। खरीदारों की भीड़ से बाजार गुलजार रहे।
छठ पूजा को लेकर घरों से लेकर बाजारों तक उत्साह का माहौल दिखा। व्रतियों ने ठेकुआ बनाने के लिए आटा, गुड़ और घी के साथ नए वस्त्रों की भी खरीदारी की। फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की कतारें लगी रहीं। खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने बताया कि रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय व्रत का समापन होगा। ऐसे में लोग समय से पूजा की तैयारियां पूरी करने के लिए जरूरी सामान जुटाने में लगे रहे।
गांधीनगर, पुरानी बस्ती, कटरा और कंपनीबाग समेत कस्बाई बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही। खरीदारों की भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए।