बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के तीन गांवों में डकैती की घटना का अंजाम देने
वाले बदमाशों का अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। हालांकि संदिग्ध
स्थानों पर रात भर छापेमारी की गई। शनिवार की पूरी रात पुलिस कप्तान रुधौली
थाने में डेरा जमाए रहे। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गठित चार टीमों की
कार्रवाई पर नजर बनाए रहे, मगर कोई सफलता नहीं मिली।
शुक्रवार की
देर रात कैड़िहवा, बनगवां और रुद्रनगर गांव में 10 से 12 की संख्या में आए
बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। उनके हमले में 13 लोग घायल हो गए। घटना की
खबर मिलते ही एसपी ने स्वयं रुधौली पहुंचकर डकैतों को पकड़ने की कमान
संभाली मगर डकैत उनकी पकड़ से दूर जा चुके थे। शनिवार की रात 10 बजे एसपी
ने जिले के सभी थानेदारों को रुधौली थाने पर बुलाया।
उनके साथ
मीटिंग कर डकैतों के संबंध में जो भी जानकारी ग्रामीणों से मिली उसे साझा
किया। रुधौली और आसपास के थाना क्षेत्रों में कुछ संदिग्ध स्थानों पर पुलिस
ने देर रात छापेमारी भी की, मगर पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा।
एसपी
शिवहरी मीणा ने कहा कि घुमंतू टाइप के लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर है। वह
भी शक के दायरे में है। इनके खिलाफ भी अभियान शुरू कर दिया गया है।
कहा
कि पिछले दिनो महराजगंज जिले में इस प्रकार की घटना हुई थी। उसमें बदमाशों
ने तीन चारपहिया वाहनो का प्रयोग किया था। जो सड़क पर ढाबे के निकट खड़ी
थी। ऐसे में जिले के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस को ढाबों को नियमित चेक
करने के लिए कहा गया है। बहुत जल्द ही रुधौली क्षेत्र में डकैती की वारदात
को अंजाम देने वाले पुलिस की गिरफ्त में होंगे।