राष्टीय राज मार्ग के थाना परसरामपुर के घाघौवा पुलिस चौकी के सामने बस्ती से लखनऊ जा रही कार अनियत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलटी।
गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर परशुरामपुर थाना क्षेत्र के घघौआ चौकी के पास रविवार को एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी पटरी पर दो मोटर साइकिलों से भिड़ गई। इससे दोनों बाइकों पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई । जबकि एक बच्ची घायल है। हादसे के बाद कार पलट गई, मगर कार सवारों को मामूली चोट आई है। कार से तीन कैरेट अंग्रेजी शराब व कुछ खाली बोतलें भी बरामद की गईं। नशे में धुत दोनों युवक हिरासत में ले लिए गए हैं।
सेल्यूलर कंपनी में कार्यरत दक्षिणी दिल्ली के महिपालपुर का रहने वाला आदित्य शेरावत गोरखपुर से लौट रहा था। उसके साथ गोरखपुर के महेवा फलमंडी निवासी हरिनंदन शुक्ल भी था। किसी ढाबे पर दोनों ने शराब पी थी। जिसके बाद वे फिर दिल्ली जाने के लिए निकले। दोपहर करीब ढाई बजे बजे घघौआ चौकी के पास ओवरब्रिज पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर लहराने लगी। कुछ ही पल बाद कार डिवाइडर से टकराकर उछली और दूसरी पटरी पर दो बाइकों को टक्कर मारते हुए पलट गई। चपेट में आए छावनी क्षेत्र के अतरौरा झाम निवासी अमर सिंह (35) और छतौना निवासी अशोक निषाद (38) की मौके पर ही मौत हो गई। अमर सिंह के साथ बाइक पर उनका बेटा आकाश व बेटी पलक थे। आकाश की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जबकि पलक अस्पताल में भर्ती है।