कप्तानगंज क्षेत्र में गढ़हा गौतम फ्लाई ओवर पर दो ट्रकों की टक्कर में चालक सहित तीन लोग घायल हुए हैं। घटना शुक्रवार को हुई। लोगों ने सूचना पुलिस और एनएचएआई को दी। एनएचएआई की टीम ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। घटना के बाद सड़क पर तेल गिरने के कारण फ्लाई ओवर से गाड़ियों का संचालन ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाने के गढ़हा गौतम पलाई ओवर पर शुक्रवार की सुबह से सीमेंट लदी ट्रक पहले से खराब होकर खड़ी थी। उसका चालक ट्रक में सो रहा था। दोपहर 2:30 बजे फैजाबाद से बस्ती की ओर सरसों का तेल लादकर जा रही तेज रपतार ट्रक सीमेंट लदी ट्रक में पीछे से जा टकराई। इससे ट्रक चालक और खलासी काफी देर तक घायल अवस्था में फंसे रहे।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस और एनएचएआई के राजेश श्रीवास्तव एंबुलेंस के साथ पहुंच गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को बाहर निकलवाकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। घटना में पहले से खराब ट्रक का चालक सोनू (25) निवासी तरकुलवा थाना रामपुर कारखाना जिला देवरिया का पैर टूट गया। दूसरे ट्रक के चालक अफजल (27) का भी पैर टूट गया और खलासी मोनू (18) निवासी धिरौर जिला मैनपुरी को गंभीर चोंटे आई हैं।
घटना के बाद पलाई ओवर पर सरसों तेल फैल गया। इसके चलते काफी देर तक हाइवे जाम हो गया। बाद में सर्विस रोड से गाड़ियों का संचालन हुआ। एसओ बृजेश यादव ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।